जमशेदपुर: जमशेदपुर के जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट(एक्सएलआरआइ) ने इंडियन फ़ाउंडेशन फॉर क्वालिटी मैनेजमेंट (आइएफक्यूएम) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. इस साझेदारी का उद्देश्य देश में गुणवत्ता प्रबंधन शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग अकादमिक सहयोग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है.एमओयू के तहत एक्सएलआरआइ के स्नातकोत्तर छात्रों के लिए विशेष गुणवत्ता प्रबंधन पाठ्यक्रम विकसित किए जाएंगे, जिनमें लाइव प्रोजेक्ट, औद्योगिक भ्रमण, वास्तविक व्यवसाय समस्याओं पर आधारित केस स्टडी और आइएफक्यूएम विशेषज्ञों द्वारा संचालित सत्र शामिल होंगे.(नीचे भी पढ़े)

एक्सएलआरआइ के निदेशक डॉ फादर सेबास्टियन जॉर्ज ने कहा कि छात्रों के लिए यह आवश्यक है कि वे उभरती तकनीकों और गुणवत्ता केन्द्रित प्रबंधन दृष्टिकोणों के साथ अद्यतन रहें. यह साझेदारी निश्चित रूप से प्रभावशाली और गतिशील सिद्ध होगी.कार्यक्रम में आइएफक्यूएम और टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. एक्सएलआरआइ के वरिष्ठ सदस्यों ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. कार्यक्रम का समापन एक्सएलआरआइ के शैक्षणिक एवं अनुसंधान परिसरों के भ्रमण के साथ हुआ.











