जमशेदपुर:सरायकेला जिले के पदमपुर स्थित विद्युत उत्पादन कारखाना आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हस्ताक्षर अभियान एवं सेमिनार का आयोजन किया गया.शनिवार को कारखाना परिसर में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण मिश्रा ने की. उन्होंने कहा कि तंबाकू एक धीमा ज़हर है, जो न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है. हस्ताक्षर अभियान न केवल एक प्रतिकात्मक कदम है बल्कि हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है.(नीचे भी पढ़े)

इसके उपरांत आयोजित सेमिनार में मुख्य अतिथि एवं मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अनिल सोनी ने कहा कि तंबाकू की लत युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल सकती है. युवाओं को चाहिए कि वे खुद भी जागरूक बनें और दूसरों को भी प्रेरित करें.कंपनी के वरिष्ठ पदाधिकारी आशीष दाश और संजीत सिन्हा ने भी कहा कि एक स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है जब उसकी युवा पीढ़ी नशामुक्त हो. कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों, ग्रामीण युवाओं और प्रतिभागियों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना और उन्हें एक स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना था.(नीचे भी पढ़े)

सेमिनार में कंपनी के निकटवर्ती बड़ा हरिहरपुर, छोटाहरिहरपुर, बेलटांड़, गोपीनाथपुर और उपरबेड़ा गांवों से 74 युवक-युवतियों ने भाग लिया. इस दौरान भाषण प्रतियोगिता और लेख प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.भाषण प्रतियोगिता में घनश्याम महतो, संजना मुर्मू और सुष्मिता महतो क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय होने का गौरव हासिल किया जबकि लेख प्रतियोगिता में झूमा भगत ने प्रथम पुरस्कार जीता, सपना सरदार उपविजेता और प्रेम लोहार ने तीसरा स्थान हासिल किया.कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सीएसआर विभाग के संजीत सिन्हा द्वारा किया गया जबकि आयोजन को सफल बनाने में अनिल सरदार का विशेष योगदान सराहनीय रहा.











