जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में मरीन ड्राइव के पास दो कारों के बीच जोरदार सीधी टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए. इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं. बताते हैं कि भयंकर हादसा बच गया. वरना टकराने वाली एक कार आर्टिका में रसोई गैस सिलेंडर लदा था. अगर इसमें आग लग जाती या सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी. लेकिन ईश्वर की कृपा रही कि आग नहीं लगी और बड़ा नुक़सान टल गया. घटना की जानकारी मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पुलिस के सामने ही दोनों वाहन चालकों ने टोचन के सहारे अपनी गाड़ी हटाई और मौके से कार लेकर फरार हो गए. पुलिस बस मूकदर्शक बनी देखती रही. टक्कर के बाद मरीन ड्राइव की मुख्य सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही. राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मरीन ड्राइव जैसे व्यस्त मार्गों पर ट्राफिक निगरानी को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि ऐसी घटनाओं के बाद तुरंत कार्रवाई हो और दोषियों को भागने का मौका न मिले.











