जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक से हुए लूटपाट की घटना का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में पीड़ित परसुडीह प्रमथनगर निवासी अनुप मंडल ने थाना में लिखित शिकायत की थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को धर दबोचा. (नीचे भी पढ़े)
इस घटना में अनुप कुमार से मारपीट कर जान से मारने का भय दिखाते हुए बदमाशों ने उनका पर्स, मोबाइल, नकद रुपये और बाइक की चाबी लूट ली थी. अनुसंधान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों बागबेड़ा नया बस्ती निवासी भरत सिंह और रोहित मछुआ उर्फ रोहित नायक को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपने अपराध को स्वीकार किया. उनके निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी, लूटा गया मोबाइल फोन (सैमसंग कंपनी), पीड़ित का पर्स, उसमें रखे सभी दस्तावेज (आधार, पैन, वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, ऑनर बुक, पासपोर्ट फोटो), 1200 रुपये नकद और बाइक की चाबी बरामद की है.(नीचे भी पढ़े)

मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी (विधि-व्यवस्था) तौकीर आलम ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. रोहित मछुआ पर बागबेड़ा और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में कई संगीन मामले दर्ज हैं,जिनमें मारपीट, अवैध कब्जा और पब्लिक प्रॉपर्टी डैमेज एक्ट शामिल हैं. वहीं,भरत सिंह पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है.इस कार्रवाई में परसुडीह थाना प्रभारी मोहम्मद फैज अहमद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, बिरेन्द्र सिंह, रितेश कुमार, हिरालाल तुबिद, संदीप सिंह और जवान संतोष विश्वकर्मा व मुरलीधर महतो शामिल थे.











