जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास फायरिंग और जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला घटना के 38 दिनों बाद सामने आया है. इस संबंध में मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड में किराए के मकान में रहने वाले अमित कुमार ने साकची थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ज्ञान प्रकाश गुप्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संगीन धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि घटना 26 मई की है. उनके अनुसार, आरोपी ज्ञान प्रकाश गुप्ता, जो कि मानगो लुची टावर के पास गौड़ बस्ती का निवासी है, ने साकची जेल चौक के समीप पहले तो उस पर चापड़ और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद आरोपी ने उस पर गोली भी चलाई. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली वास्तव में चली या नहीं, और अगर चली भी, तो किस दिशा में चली तथा किसी को लगी या नहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गयी है. घटनास्थल की पुनः छानबीन की जा रही है, और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.











