गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र के फुलझोर गांव के सरोजित मुंडा हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. थाना में अज्ञात हत्यारे के विरुद्ध कांड संख्या 20/25 यूएस 103/238 बीएनएस दर्ज किया गया है. मृतक के भाई नारायण मुंडा द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है. मालूम हो कि झाटीझरना पंचायत के फूलझोर गांव से करीब ढाई किमी दूर पहाड़ी नाला के पास शुक्रवार को युवक सरोजित मुंडा (42) की पत्थर से दबी लाश बरामद हुई थी. गांव के ग्रामीण बकरी चराने जंगल की ओर गये थे. इस दौरान ग्रामीणों की नजर सड़ी गली लाश पर पड़ी. सूचना पर गालूडीह थाना के एसआइ मिथिलेश कुमार मौर्या और अजय बागे दलबल व खोजी कुत्ते के साथ पहुंचे थे. वहीं, शनिवार शाम शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों द्वारा अंतिम संस्कार कर दिया गया.











