
जमशेदपुर : सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के आदेश के आलोक में आदर्श सहकारी गृह निर्माण स्वावलंबी समिति लिमिटेड, सोनारी, जमशेदपुर के गवर्निंग बॉडी का निर्वाचन 06 जुलाई को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न हुआ. सोनारी स्थित भारत सेवा आश्रम संघ परिसर के प्रणव चिल्ड्रन वर्ल्ड स्कूल परिसर में चुनाव संपन्न हुआ. इस चुनाव में वाईएन यादव गुट के विरोधी खेमा को जीत मिली. निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा समुचित तैयारी की गई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने मतगणना स्थल का निरीक्षण किया एवं मौके पर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. अधिकारियों ने उपस्थित प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों को सघन निगरानी बनाए रखने व शांति व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 06 जुलाई को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक मतदान संपन्न हुआ. तत्पश्चात मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण कर परिणाम की घोषणा की गई. आयोजित निर्वाचन कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही. (नीचे देखे पूरी खबर)

निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत मतगणना एवं परिणाम के उपरांत कुल 12 सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए हैं. इस चुनाव में नरपति गगराई, वेरोनिका तिर्की, समरेश दास, संजू देवी, समसुल हुसैन, अलेयम्मा एंथोनी, धनंजय डे, डॉ एस मिश्रा, एके चौधरी, माहेश्वरी दुबे, सुष्मिता स्वाइन, स्मिता दलाई ने चुनाव जीता. अति पिछड़ा वर्ग पुरुष और महिला का एक-एक पद खाली रह गया है क्योंकि उसे पद पर कोई नामांकन नहीं हुआ था.












