आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत टोल प्लाजा के समीप रविवार देर रात करीब 9:20 के आसपास गम्हरिया की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने चार- चार गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं. वहीं ट्रक हाई टेंशन बिजली के पोल में जा टकराया. वैसे इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है मगर सभी वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को बंधक बना लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ से चालक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. इस दौरान पुलिस को भीड़ का भी आक्रोश झेलना पड़ा. घटना के बाद सैकड़ो राहगीर सड़क पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे. करीब एक घंटे तक सड़क पर संग्राम चलता रहा. रात करीब 10: 30 बजे पुलिस आक्रोशित लोगों को समझने में सफल रही. वहीं सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जप्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.












