जमशेदपुर : टाटा स्टील के लाइम प्लांट में रक्तदान शिवीर का आयोजन कॉन्फ्रेंस हॉल में किया गया. शिविर का उदघाटन टाटा मेन हॉस्पिटल की महाप्रबंधक डॉक्टर विनीता सिंह एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी टुन्नू द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. आपको बता दे कि लाइम प्लांट से ही यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू चुनाव जीतकर आते हैं. लाइम प्लांट के चीफ राजेश कुमार एवं जेडीसी चेयरमैन सुब्रत स्वाय ने डॉक्टर्स समेत तमाम कर्मचारियों का स्वागत किया. अपने संबोधन में डॉक्टर विनीता सिंह ने कन्यादान और रक्तदान की महत्ता को रेखांकित किया और कहा कि टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों और समाज के उत्थान के लिए आगे बढ़ कर अपने दायित्वों का निर्वहन किया है. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि रक्त की आवश्यकता को रक्तदान के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है इसकी कोई वैकल्पिक व्यवस्था आजतक नहीं हो सकी है.
रक्तदान शिविर में लाइम प्लांट के कार्यकारी सदस्य निखिल कुमार एवं हेमंत कुमार, सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और 83 यूनिट रक्तदान किया.














