जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन का महीना में आने वाला चंदा घटता जा रहा है. सोमवार को फाइनेंस कमेटी की हुई बैठक में इस बात की जानकारी कोषाध्यक्ष आमोद दुबे ने दी. उन्होंने बताया कि पहले प्रतिमा चंद 8 लाख रूपये आता था जो अब घटकर 7. 50 लाख रुपया हो चुका है. फाइनेंस कमेटी के इस बैठक में सर्वसम्मति से चार माह के अकाउंट को पारित कर दिया गया जिसे कमिटी मीटिंग में पेश किया जाएगा. इस दौरान यह बताया गया की जून माह तक यूनियन का फंड 44 करोड रुपए हो चुका है. बैठक में करीब 1 घंटे तक चली. बैठक में कोषाध्यक्ष आमोद दुबे ने पहले मार्च, अप्रैल तथा मई माह का अकाउंट्स पेश किया. उन्होंने जून माह का भी तैयार अकाउंट्स पेश करने की अनुमति मांगी जिसे अध्यक्ष की स्वीकृति के बाद पेश किया गया. जून माह तक यूनियन का फंड लगभग 43 करोड़ 90 लाख रुपये तक पहुंच गया है. बैठक में यूनियन कमचारियों को दी जाने वाली लोन पर चर्चा हुई. कर्मचारियों को पीएफ तथा बिना ब्याज के एजुकेशन लोन दिया जाता है. पहले एजुकेशन लोन तीन लाख रुपये तक मिलता था, जिसे दो दिन पहले बढ़ाकर 6 लाख रुपये कर दिया गया. इस पर कुछ सदस्यों ने बिना ब्याज पर लोन देने पर आपत्ति जताई तथा लोन पर कुछ ब्याज लेने का प्रस्ताव दिया. इस प्रस्ताव पर अध्यक्ष संजीव चौधरी, महासचिव सतीश सिंह तथा डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह आपस में बात कर निर्णय लेंगे.




