गिरिडीह: गिरिडीह के गावां गांव में मंगलवार को एक सिर कटी लाश मिली है. शव का सिर बरामद नहीं हो पाया है. हत्या का आरोप मृतक के चचेरे भाई पर लगा है. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर युवक की लाश बरामद की गई. हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. मृतक की पहचान आनंद यादव (22) के रूप में की गई है. इस संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि आनंद शनिवार से लापता था. इस संबंध में परिजनों ने गावां थाना में आवेदन भी दिया था. (नीचे भी पढ़े)

पुलिस आनंद के मोबाइल को ट्रेस करते हुए खोजबीन कर रही थी. कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आनंद के चचेरे भाई कमलेश यादव (38) को हिरासत में लिया. उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो कमलेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने आनंद की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया है. इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आनंद कुमार के धड़ को बरामद किया, पर सिर नहीं मिल सका है. पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन में जुट गयी है.



