रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा डिजिटल माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में एक सफल फील्ड विजिट का आयोजन किया गया, जिसमें 3डी एवं 360 डिग्री विडियो के माध्यम से वर्चुअल टूरिज्म कंटेंट तैयार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

जिला खेल पदाधिकारी रूपारानी तिर्की के मार्गदर्शन में आयोजित उक्त कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के केके दास ने फील्ड समन्वय किया, साथ ही, दिल्ली से आई टेक्निकल टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया. डीएसओ कार्यालय की अर्चना एवं मनीषा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई. सारंडा वन प्रमंडल के डीएफओ अविरूप सिन्हा के सहयोग से टीम ने घाघीरथी जलप्रपात, थलकोबाद आदिवासी गांव, किरीबुरू सनसेट पॉइंट आदि का भ्रमण किया. इन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता और पारंपरिक जनजातीय नृत्य को डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए फिल्माया गया. (नीचे भी पढ़ें)

समुदाय से जुड़ाव के तहत डीएसओ रूपारानी तिर्की और उनकी टीम ने स्थानीय बच्चों व ग्रामीणों के बीच रिफ्रेशमेंट, चॉकलेट, कोल्ड ड्रिंक और स्पोर्ट्स जर्सी वितरित की, जिसकी ग्रामीणों ने खूब सराहना की. यह संयुक्त प्रयास झारखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को डिजिटल रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ.



