सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के दो गांवों के युवाओं ने झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2023 (जेपीएससी) में सफलता हासिल कर इलाके का नाम रोशन किया. मरांगहातु गांव के संदीप बांकिरा और कसरौली गांव के नीरज कंदीर ने अपने मेहनत और लगन से यह मुकाम पाया है. मरांगहातु गांव के 26 वर्षीय संदीप बांकिरा ने दूसरे प्रयास में 308वां रैंक प्राप्त किया है. अब वे झारखंड सरकार में डिप्टी कलेक्टर बनेंगे. संदीप के चाचा सोमनाथ बांकिरा भी डिप्टी कलेक्टर हैं. संदीप ने बताया कि पहले प्रयास में 2021 में वे मात्र 13 अंकों से चूक गये थे, लेकिन हार नहीं मानी. गांव में रहकर रोजाना 5-6 घंटे सेल्फ स्टडी की और यूट्यूब से विशेषज्ञों की गाइडलाइन फॉलो की. उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य तय कर लगन और मेहनत जरूरी है. संदीप की सफलता से उनके किसान परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं कसरौली गांव के नीरज कंदीर ने पहली बार में ही जेपीएससी परीक्षा में 270वां रैंक हासिल किया है. नीरज के पिता सौकंदीर किसान हैं और माता चिराण कंदीर गृहिणी हैं. वर्तमान में नीरज टाटा स्टील में कार्यरत हैं. नीरज ने बताया कि उनकी सफलता में परिवार का पूरा सहयोग रहा और पूर्व चयनित उम्मीदवारों से भी उन्हें प्रेरणा मिली. नीरज ने दसवीं मधुसूदन महतो हाई स्कूल आसनतलिया से पास की. स्नातक वर्कर्स कॉलेज जमशेदपुर से गणित ऑनर्स में और स्नातकोत्तर करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर से पूरा किया. उनकी इस सफलता से भी गांव में खुशी और गर्व का माहौल है. मालूम हो कि जेपीएससी परीक्षा 2023 का परिणाम आज ही घोषित हुआ है, जिसमें कुल 342 परीक्षार्थी सफल घोषित किये गये हैं. संदीप और नीरज की सफलता ने कुचाई प्रखंड को गौरवान्वित किया है.












