जमशेदपुर : बागबेड़ा क्षेत्र के नया बस्ती में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है. अब तक 100 से अधिक घरों में पानी घुस चुका है. इनमें से करीब 50 से 60 घर पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं. लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित कैंप स्थान चिन्हित किए गए हैं. इनमें प्रमुख रूप से प्राथमिक विद्यालय रोड नंबर 3, सिदो- कान्हू मैदान, लोहिया भवन, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और बागबेड़ा थाना चौक को राहत केंद्र के रूप में तैयार किया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं और नदियों या जलजमाव वाले क्षेत्रों की ओर न जाएं. जिला आपदा प्रबंधन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत कार्य तेज़ी से चलाया जा रहा है. (नीचे देखें तस्वीर)















