जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने पिछले तीन-चार दिनों से आयकर रिटर्न इन्कम टैक्स पोर्टल में रिटर्न फाइल करने में हो रही परेशानी एवं रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि को इन्कम टैक्स पोर्टल एवं बैंक के द्वारा ई-पेमेंट पोर्टल, दोनों ही व्यस्त होने के कारण आयकरदाताओं एवं टैक्स प्रोफेशनल्स को आयकर रिटर्न फाइल करने में होनेवाली दिक्कतों से केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का ध्यानाकृष्ट कराया है तथा इसकी प्रतिलिपि प्रधानमंत्री कार्यालय को भी प्रेषित की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि इन्कम टैक्स रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर थी और इनकम टैक्स पोर्टल एवं बैंक के द्वारा ई-पेमेंट पोर्टल दोनों ही व्यस्त रहने से टैक्स पेयर्स और टैक्स कन्सलटेंट्स को अपने क्लाइंट के टैक्स पेमेंट कराने में बहुत दिक्कत हो रही थी. उन्होंनें कहा कि यह जानकारी विभिन्न संस्थाओं के द्वारा पिछले तीन-चार दिनों से लगातार ही वित्त मंत्रालय एवं सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्स को दी जा रही थी. इसके बावजूद सीबीडीटी ने इसमें सुधार के लिये कुछ नहीं किया. अंतिम दिन 15 सितंबर को रात्री 12 बजे से कुछ देर पहले एक प्रेस रिलीज आई कि रिटर्न फाइल करने की अंतिम तिथि एक दिन बढ़ा दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इससे ऐसा लगता है कि सीबीडीटी और वित्त मंत्रालय टैक्स पेयर्स के प्रति असंवेदनशील हैं. जब सीबीडीटी को यह जानकारी थी कि पिछले दो तीन दिनों से ऐसी दिक्कत आ रही है, तो इसे बढ़ाने के लिए निर्णय एक दो दिन पहले ही ले लिया जाना चाहिए था. उन्होने कहा कि पत्र के माध्यम से वित्त मंत्रालय को आग्रह किया गया है कि इस तरह की समस्याओं पर समय पर निर्णय लिया जाना चाहिए ताकि टैक्स पेयर्स एवं टैक्स प्रोफेशनल्स को दिक्कत का सामना न करना पड़े. पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया ने कहा कि कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में उचित समय पर निर्णय लिया जाना चाहिए. ऐसा नहीं होने से टैर्क्स पेयर्स व टैक्स प्रोफेशनल्स, दोनों को ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.



