जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत एनएमएल कॉलोनी गेट के पास मंगलवार की रात बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक महिला से पर्स छिनतई का मामला सामने आया है. पीड़िता महिला रूपाली, टेल्को निवासी हैं. उन्होंने बताया कि वह अपने पति के साथ साकची से अपने निजी काम से घर लौट रही थी. इसी क्रम में एनएमएल कॉलोनी गेट के पास दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोका और उनका बैग छिन लिया. पीड़िता के अनुसार बैग में उनका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज़ थे. (नीचे भी पढ़े)
घटना के तुरंत बाद रूपाली ने पुलिस को सूचना दी. सूचना पाकर गोलमुरी थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से मुआयना शुरू कर दिया. आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संदिग्धों की पहचान के प्रयास कर रही है. पुलिस ने कहा है कि सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि बाइक सवार बदमाशों का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. जानकारी के अनुसार, फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है. घटना के बाद इलाके में लोग काफी चिंतित हैं.



