पटना : बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर कांग्रेस नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा. युवा कांग्रेस की ओर से सीएम आवास का घेराव करने के लिए प्रदर्शन किया गया. हालांकि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सीएम आवास का घेराव करने के लिए सदाकत आश्रम से जैसे ही निकले, पुलिस ने उन्हें राजापुर पुल पर ही रोक लिया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए. इस दौरान पुलिस द्वारा कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिये जाने की बात भी बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग को भी तोड़ दिया और सड़क पर धरने पर बैठ गए. वहीं बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने की कोशिश की. इन कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. बता दें कि इस प्रदर्शन का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और प्रदेश अध्यक्ष गरीब दास कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि यूथ कांग्रेस भागलपुर में अडाणी को बिजली घर देने का विरोध कर रही है. यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने सरकार पर किसानों की जमीन को मुफ्त में देने का आरोप लगाया है. बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 15 सितंबर को इसको लेकर दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि बिहार में वोट चोरी की व्यवस्था तो है, इसके अलावा अगर वोट चोरी से काम नहीं चलता तो कई बड़े कारोबारियों को सौंप दिया जा रहा है. किसानों की जमीन जबरदस्ती और धमकाकर ली जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होनेवाला है. विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस हर मुद्दे पर प्रदेश और केंद्र की सरकारों को घेर रही है. पिछले दिनों कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी. उक्त यात्रा को बिहार में लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ. दरअसल, प्रदेश में कांग्रेस अपना वर्चस्व हासिल करना चाहती है, क्योंकि अभी तक महा गठबंधन में सीट शेयरिंग नहीं हुई है.











