रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम मंगलवार की सुबह राजधानी रांची में एक साथ छह ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. यह छापेमारी जमीन घोटाले मामले में की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम रांची के कांके स्थित कांके रिसॉर्ट, रातू रोड स्थित सुखदेव नगर और कडरू के अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची है और दस्तावेजों की जांच कर रही है. यह छापेमारी जमीन कारोबार से जुड़े लोग के ठिकानों पर की जा रही है. बता दें कि जमीन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी की टीम ने 10 जुलाई 2024 को भी कांके प्रखंड से अंचल क्षेत्र में विवादित जमीन का सत्यापन किया था. (नीचे भी पढ़े)

टीम ने जिस जमीन का सत्यापन किया था, वह कांके के चामा मौजा में सीएनटी व सरकारी जमीन थी. ईडी की टीम कांके रिसार्ट व कांके अंचल पहुंचकर जमीन के दस्तावेज भी खंगाले थे. इतना ही नहीं विवादित जमीन मामले में टीम आम जनता से मिलकर उनका बयान भी रिकॉर्ड किया था.यह मामला रांची जिले के कांके ब्लॉक में कथित भूमि घोटाले से संबंधित है. यहां यह दावा किया गया था कि आरोपियों ने सर्किल अधिकारियों के साथ साजिश करके भूमि अभिलेखों में जालसाजी की और उन्हें बेचकर अपराध से आय अर्जित की. मिली जानकारी के अनुसार जिन परिसरों पर छापेमारी की जा रही है, वे मुख्य आरोपी कमलेश कुमार के कथित सहयोगी बीके सिंह और कुछ अन्य व्यक्तियों से जुड़े हैं. टीम संबंधित ठिकानों पर जमीन कारोबार से जुड़े लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है.











