जमशेदपुर : ग्रामीण जनजीवन एवं वहां की खूबसूरती को कैमरे के सहारे दुनिया के सामने लाने में महारत रखने वाले छायाकार नरेश अग्रवाल को अखिल भारतीय स्तर के सेलून, आर्टिस्टिक नेशनल सेलून 2025 के रंगीन तस्वीरों के ग्रुप में प्रथम स्थान मिला है जबकि उनकी दो तस्वीरें प्रदर्शनी के लिए भी चयनित हुई हैं. यही नहीं, हाल ही में इंदौर में आयोजित मालवा इंटरनेशनल सेलून में उनकी दो तस्वीरें प्रदर्शनी के लिए चुनी गई हैं. इस प्रदर्शनी में दुनिया के 35 देशों के छायाकारों ने शिरकत की थी. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि विख्यात फेसबुक ग्रुप विजुअल स्ट्रीट फोटोग्राफी की एडमिन वेलेंटाइन डीमातो ने श्री अग्रवाल को “फोटोग्राफर ऑफ दि मंथ” घोषित किया है. श्री अग्रवाल ग्रामीण जीवन की दिनचर्या, वहां के रहन-सहन, काम करने के तरीके, खेती-बाड़ी आदि के सौंदर्य को जीवंत रूप में तस्वीरों में उतारते हैं. उन्होंने विलुप्ति के कगार पर खड़ी सबर जनजाति पर विशेष काम किया है. उनकी तस्वीरों के, लुभाने वाले स्वरूप को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है. श्री अग्रवाल के पास ग्रामीण जीवन पर असंख्य तस्वीरें संग्रहित हैं जिन्हें वे पुस्तक का आकार देने के इच्छुक हैं. इनका कार्य क्षेत्र झारखंड के अलावा बंगाल और ओड़िशा की पृष्ठभूमि है. स्ट्रीट फोटोग्राफी में भी इनको महारत हासिल है.



