जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गणेश नगर में एक लोमहर्षक वाली घटना सामने आई है. यहां के एक व्यक्ति ने अपने रिश्ते के भाई मारूति नंदन को बिहार के भोजपुर से बुलाकर अपने घर में पनाह दी थी. मकसद था कि उसे जमशेदपुर में रोजगार दिलाया जाए. इसके लिए वह उसकी नौकरी की तलाश भी कर रहा था. लेकिन इसी कथित भाई ने उसके भरोसे को तोड़ते हुए उसकी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म कर दिया. जानकारी के अनुसार शनिवार को जब परिवार के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए थे, तभी आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)
परिवार के लौटने पर मासूम ने रोते हुए पूरी घटना बताई. परिजनों ने तुरत बागबेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है. बताया जाता है कि मारुतिनंदन बिहार के भोजपुर जिला अंतर्गत पीरो थाना क्षेत्र के बैसडीह गांव का निवासी है और करीब तीन महीने पहले रोजगार की तलाश में जमशेदपुर आया था. पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है और जल्द ही उसका बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा. बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है. इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और लोग आरोपी को सख्त सजा दिये जाने की मांग कर रहे हैं.











