जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत कुमरुम बस्ती में शनिवार देर रात एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतका की पहचान ममनी गोराई (26) के रूप में की गयी. परिजनों के अनुसार 1 जुलाई को सुबह ममनी गोराई पूजा करने के लिए काली मंदिर गई थीं. इस दौरान उनकी साड़ी में जलते दीये से आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के बाद उन्हें गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया.(नीचे भी पढ़े)
जिंदगी और मौत की जंग के बाद गंभीर स्थिति के कारण शनिवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया. पति बबलू गोराई ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे और जानकारी मिलने पर तत्काल अस्पताल पहुंचे. ममनी गोराई के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है. घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मोहल्ले के लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं. पुलिस ने रविवार को शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.











