जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत एग्रिको निवासी जगदंबा त्रिपाठी साइबर ठगी के शिकार हो गए. पुलिस के अनुसार, उन्हें हिंद टूर एंड ट्रैवल कंपनी के नाम से एक लिंक भेजा गया. लिंक खोलने के बाद ठगों ने उन्हें फोन पर निर्देश दिए और झांसे में लेकर उनके बैंक खाते से 70 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए. ठगी का पता चलते ही उन्होंने रविवार को सिदगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. जिस मोबाइल नंबर से लिंक भेजा गया था, उसके धारक पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है. (नीचे भी पढ़े)
इधर, भुइयांडीह लिट्टी चौक स्थित हनुमान मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकद राशि लेकर फरार हो गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दान पेटी कई दिनों से नहीं खोली गई थी, जिससे संभावना है कि उसमें अच्छी खासी रकम जमा थी. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितनी राशि चोरी हुई. विदित हो कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में चोरी की वारदातें बढ़ी हैं. शुक्रवार रात को टेल्को इलाके के कई मंदिरों की दान पेटियों से भी चोर रुपये पार कर चुके हैं. लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और शहर में गश्त बढ़ाने की बात कही.











