जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुल पर रविवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक ऑटो चालक पुल से नदी में कूदने का प्रयास करने लगा. गनीमत रही कि आसपास उपस्थित लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया एवं बैरियर के रूप में लगी लोहे की जाली के ऊपर से खींच कर उसे वापस पुल पर ले आये, जिससे उसकी जान बच गई. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि रविवार संध्या मानगो पुल पर एक ऑटो चालक अचानक पुल पर लगे लोहे की जाली के बैरियर के ऊपस से नदी के अंदर छलांग लगाने की कोशिश करने लगा. उसे ऐसा करते देख पुल पर अफरातफरी मच गई. आसपास के लोग चीख-चिल्लाकर उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश करने लगे, लेकिन देखते ही देखते वह जाली पार कर गया. वह नदी में छलांग लगाने ही वाला था कि पुल से गुजर रहे कुछ युवकों ने उसे जाली के अंतर से पकड़ लिया. इस बीच वहां काफी लोग जमा हो गए, जिन्होंने मिल कर उसे जाली के ऊपर से वापस पुल पर लाया. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान वहां उपस्थित कुछ लोगों ने युवक से मारपीट भी करने और नदी में छलांग लगाने की कोशिश करने के लिए भला-बुरा भी कहने लगे, लेकिन वह निर्विकार भाव से जमा लोगों को देखता रहा. इसी दौरान लोगों ने पुलिस को भी इस घटना की सूचना दे दी. बाद में वहां पहुंची पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ कर पुलिस उसकी पहचान एवं इस हरकत के पीछे कारणों का पता लगाएगी.











