जमशेदपुर: एनडीए के बैनर तले 11 अगस्त, सोमवार को जेएनएसी कार्यालय पर कूड़ा संग प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के फीडबैक के मद्देनजर यह फैसला यहां बिष्टुपुर में संपन्न बैठक में लिया गया. फीडबैक में कदमा और सोनारी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि जब से प्रदर्शन की घोषणा की गई, उसके बाद से ही जेएनएसी के पदाधिकारी साफ-सफाई के कार्य में जुट गये थे और पहले की अपेक्षा ज्यादा व्यवस्थित तरीके से साफ-सफाई के काम में लगे रहे. बैठक में यह तय हुआ कि जेएनएसी के साफ-सफाई की निगरानी सोनारी एवं कदमा के कार्यकर्ता क्षेत्रवार करते रहेंगे. यदि फिर इसमें कोताही बरती गई तो पुनः कार्रवाई हेतु पहल की जाएगी.बैठक में सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि समस्याओं का समाधान त्वरित गति से होता रहे तो प्रदर्शन करने की नौबत ही न आए. इसलिए फिलहाल इसे स्थगित किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
जद (यू) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने जारी बयान में कहा कि रविवार की सुबह जेएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने उनसे फोन पर बातचीत की और आश्वस्त किया कि यह साफ-सफाई नियमित और व्यवस्थित तरीके से चलेगी. अभी वे शहर से बाहर हैं. दो दिनों के बाद शहर आएंगे. इसके बाद आप सभी के साथ बैठ कर साफ-सफाई की व्यवस्था को और कैसे सुचारू बनाया जाए, इस पर गहन विमर्श करेंगे.सुबोध श्रीवास्तव ने उपनगर आयुक्त से कहा कि आप अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों और सुपरवाइजरों-ठेकेदारों को निर्देशित करें कि वे सभी समस्याग्रस्त क्षेत्रों में जाएं और विशेष रूप से युद्धस्तर पर कार्य करें. ब्लीचिंग पावडर एवं एंटी लार्वा का छिड़काव तो करें ही, प्रत्येक मोहल्ले में नियमित रूप से फॉगिंग भी करते रहें. उपनगर आयुक्त ने इस पर सहमति जताई. बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, भीम सिंह, चुन्नू भूमिज, तारक मुखर्जी, राकेश सिंह एवं शेषनाथ पाठक उपस्थित थे.











