रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार इस बार 15 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में झंडोत्तोलन करेंगे. सरकार के प्रस्ताव पर राजभवन ने स्वीकृति दे दी है. वहीं इस साल स्वतंत्रता दिवस पर राजभवन मेंआयोजित होने वाले कार्यक्रम को भी रद्द करने का निर्णय लिया है. यह निर्णय पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के सम्मान में लिया गया है. विदित हो कि हर साल यह परंपरा रही है कि स्वतंत्रता दिवस पर सीएम मोरहाबादी में और राज्यपाल दुमका में झंडोत्तोलन करते हैं. लेकिन इस साल सीएम अपने पिता के श्राद्ध कर्म में जुटे हैं और इस कारण वे मोरहाबादी में झंडोत्तोलन नहीं कर पाएंगे. दूसरी ओर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार की शाम मोरहाबादी मैदान का दौरा किया और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने अधिकारियों को साफ-सुथरी और बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के सफलतापूर्वक हो सके.निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा, जनता के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, रोशनी, सजावट, सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक, डॉक्टर और एम्बुलेंस की व्यवस्था समेत सभी जरूरी तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि सभी काम तय समय और अच्छी गुणवत्ता में पूरे हों.सुरक्षा को लेकर उन्होंने पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, ट्रैफिक प्लान और पार्किंग की स्पष्ट पहचान करने के निर्देश दिए. नगर निगम को मैदान और आसपास सफाई अभियान, पेयजल टैंकर, मोबाइल शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया.निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, एडीएम विधि व्यवस्था राजेश्वरनाथ आलोक, एसडीओ सदर उत्कर्ष कुमार, आईटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार भगत, नगर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद थे.












