रामगढ़ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद अखिलेश यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के रामगढ़, नेमरा स्थित पैतृक आवास पहुंचे. यहां उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. मौके पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की तथा उनका ढांढ़स बंधाया. (नीचे भी पढ़ें)

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की माता रूपी सोरेन से आत्मीय भेंट की, अखिलेश यादव रूपी सोरेन से बात करते हुए भावुक हो गए. मौके पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन से कहा कि दु:ख की इस घड़ी में पूरे झारखंड के लोग आपके साथ है. (नीचे भी पढ़ें)

आपका संबल ही राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को शक्ति प्रदान करेगा. दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने अपना जीवन का एक-एक पल आदिवासी, दलित, शोषित, पीड़ित एवं वंचित समुदायों के कल्याण में लगा दिया. “गुरुजी” के जीवन से हम सभी को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी. दिशोम गुरु शिबू सोरेन भले ही आज हम सभी के बीच नहीं है लेकिन उनका संघर्ष, आदर्श एवं व्यक्तित्व को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा. “गुरुजी” एक प्रभावशाली जननेता के रूप में युग-युग तक याद किए जाएंगे, जिन्होंने समाज को एक नई दिशा दी.











