जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में रवि यादव को गोली मारने के मामले में घाघीडीह निवासी रेहान खान और कीताडीह निवासी नेहाल तिवारी ने मंगलवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण दोनों ने सरेंडर किया. इस मामले में पहले से ही तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हमला पूर्व नियोजित था. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के दिन 5 अगस्त की शाम रेहान और योगेश एक बाइक से घटना स्थल पर पहुंचे थे, जिनके पास चाइनीज चापड़ और उस्तरा था. दूसरी ओर, स्कूटी से समीर, पांडू और नेहाल मौके पर मौजूद थे. सभी पूरी तैयारी और साजिश के तहत रवि यादव को निशाना बनाने पहुंचे थे.पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है ताकि घटना से जुड़े और भी तथ्यों का खुलासा किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
बुधवार को परसुडीह पुलिस दोनों को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में आवेदन देगी. मामले में योगेश और एक अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इधर, पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल रवि यादव का बयान दर्ज किया. डॉक्टर के अनुसार अब भी रवि के शरीर में तीन गोली फंसी है, जिसे निकाला नहीं जा सका है.












