जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोपाल मैदान में होने वाले स्वाधीनता दिवस मुख्य समारोह की तैयारी का जायजा बुधवार को उपायुक्त करण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने लिया. इस दौरान अंतिम परेड पूर्वाभ्यास में जैप -6, जिला पुलिस बल (महिला/ पुरूष), होमगार्ड, एनसीसी (ब्वॉयज एवं गर्ल्स), स्काउट एवं गाइड्स (ब्वॉयज एवं गर्ल्स). होमगार्ड तथा सेंट मैरी स्कूल बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया. उपायुक्त ने आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कल शाम तक सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, एकता और बलिदान की भावना का प्रतीक है, और इसे जिले में पूरे सम्मान एवं गरिमा के साथ मनाना हम सभी का दायित्व है. उन्होंने मुख्य समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूर्णतः सुनिश्चित करने के निर्देश पदाधिकारियों को दिए. उन्होने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, मंच संचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मुख्य दिवस पर सभी गतिविधियां समय पर और व्यवस्थित रूप से संपन्न हों. मौके पर रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.











