धनबाद: धनबाद जिले के धनसार थाना अंतर्गत रानी रोड स्थित भुदा महावीर नगर में पैसों के लेन-देन को लेकर गोली चली. इस गोलीचालन की घटना में कबाड़ी नीरज साव (21) गंभीर रूप से घायल हो गया है. जिसका इलाज शहीद निर्मल महतो अस्पताल में चल रहा है. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर कर दिया. मामला मंगलवार की रात का बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार नीरज साव कबाड़ का व्यवसाय करता था और कुछ दिन पहले ही उसने बरमसिया पुल के पास जुदागिर राम को माल बेचा था. (नीचे भी पढ़े)
जिसके बाद काफी समय से जुदागिर के बेटे दीपक राम से उस कबाड़ के पैसे की मांग कर रहा था. इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी चल रहा था. मंगलवार शाम से ही दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो रही थी, जिसके बाद यह कहासुनी गोलीबारी में बदल गई. और रात करीब 9 बजे महावीर नगर में हुई झड़प के दौरान दीपक राम ने नीरज पर फायरिंग कर दी. गोली युवक पीठ और कमर के बीच लगी और शरीर में ही फंसी रह गई.घटना के बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस नें जांच शुरू कर दी. और आरोपी की खोजबीन भी शुरू कर दी है. धनसार थानेदार मनोहर करमाली ने कहा कि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.











