जमशेदपुर : जमशेदपुर में बंगबंधु समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. समाज ने आग्रह किया कि शहर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर को महान स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस के नाम पर समर्पित किया जाए. समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि खुदीराम बोस का नाम भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अमर है. मात्र 18 वर्ष की आयु में उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी. उनका बलिदान आज भी युवाओं को देशभक्ति और संघर्ष की प्रेरणा देता है. प्रतिनिधियों ने कहा कि अगर फ्लाईओवर को खुदीराम बोस का नाम दिया जाता है तो यह शहर की पहचान में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व जोड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही महान क्रांतिकारी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकेगी. बंगबंधु समाज के नेताओं ने अधिकारियों से इस मांग को गंभीरता से लेने और जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की. इस दौरान समाज के कई सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने कहा कि यदि फ्लाईओवर का नाम खुदीराम बोस के नाम पर रखा जाता है तो यह पूरे समाज के लिए गौरव की बात होगी.











