जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की. इस दौरान ग्रामीण पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित रहे. बैठक में एसएसपी ने कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए. बैठक में एसएसपी ने पूर्व से लंबित कांडों, वारंटों और कुर्की का शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया. इसके अलावा एसएसपी ने पासपोर्ट सत्यापन और चरित्र सत्यापन की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की. उन्होंने सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से कांड निस्तारण, केस डिस्पोजल, प्रीवेंटिव पुलिसिंग, पॉक्सो एक्ट के लंबित मामलों एवं ई-साक्ष्य से जुड़े मामलों की जानकारी भी ली. (नीचे भी पढ़ें)

वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित और सघन गश्त करने की हिदायत दी ताकि असामाजिक तत्वों एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रूप से नियंत्रण किया जा सके. बैठक में थाना स्तर पर विधि-व्यवस्था संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने तथा जनता से बेहतर समन्वय बनाकर पुलिस की छवि को और सशक्त बनाने पर बल दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने अधिकारियों को यह हिदायत भी दी कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो, ताकि अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके. वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी तत्परता से निभाने की हिदायत देते हुए कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.











