जमशेदपुर : छठ महापर्व के पावन अवसर पर डिमना लेक में आयोजित मेगा स्वच्छता अभियान में 200 से अधिक स्वयंसेवकों एवं 12 सामाजिक संस्थाओं ने एकजुट होकर स्वच्छता का संदेश दिया. अभियान के दौरान डिमना लेक के घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 800–900 किलोग्राम सूखा एवं गीला कचरा एकत्र कर हटाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस विशेष अभियान का आयोजन ग्रीन कैप्स फाउंडेशन के नेतृत्व में शहर की विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सामूहिक सहयोग से किया गया. कार्यक्रम में मानगो नगर निगम के उप महापौर राहुल कश्यप एवं स्वच्छता पुकारे के संस्थापक तथा पर्यावरणविद् गौरव आनंद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने घाटों एवं आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों की सफाई की तथा नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर सभी सहभागी संस्थाओं ने जमशेदपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए दीर्घकालिक सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया. ग्रीन कैप्स फाउंडेशन ने सभी 12 संस्थाओं, 200 से अधिक स्वयंसेवकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया.












