जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी भवन के पास घरेलू विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ लोगों पर 8 वर्षीय मासूम बच्चे को निशाना बनाने का आरोप लगा. आरोप है कि बच्चे के साथ मारपीट की गई और उसे जबरन बैट्री का मसाला खिलाया गया. घटना का विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई. मामला अब थाने तक पहुंच चुका है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है. इस संबंध में कदमा भाटिया बस्ती अशोक पथ निवासी अनीता देवी ने बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज मामले में असम के गुवाहाटी मानपाड़ा निवासी ममता राय, राजेश कुमार राय, मिथुन ठाकुर, कविता दास राय और आर्यन गुप्ता को आरोपी बनाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को दिए बयान में अनीता देवी ने बताया कि उनका 8 वर्षीय पोता इंशात विश्वकर्मा घरेलू विवाद के दौरान आरोपियों के निशाने पर आ गया. आरोप है कि बच्चे को जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट की गई और जबरन बैट्री का रासायनिक पदार्थ खिलाया गया. घटना के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस के अनुसार यह घटना 19 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच की बताई जा रही है, जबकि मामला 9 मई को थाना पहुंचा. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चे को वास्तव में कौन-सा पदार्थ खिलाया गया था और घटना के पीछे की पूरी परिस्थिति क्या थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.







