जादूगोड़ा : हल्की बारिश में जादूगोड़ा-पोटका के दर्जनों गांवों में कच्ची सड़कों की स्थिति भयावह हो गई है. सबसे बुरी स्थिति नरवा पहाड़ से सटे डोमजुड़ी पंचायत अंतर्गत खुर्शी गांव की मुख्य सड़क से तिलाई गुट्टू तक जाने वाली कीचड़मय रास्ते की है, जहां आज अहले सुबह दो घंटे जाम की स्थिति बनी रही. कार से लेकर कई मोटरसाइकिलें तक फंसी रहीं. इस दौरान तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट ड्यूटी जा रहे यूसिलकर्मी बड़ा दशमी माझी की कार कीचड़ में बुरी तरह फंस गई. ग्रामीणों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहन कीचड़ से बाहर निकला. कई मोटरसाइकिल सवार रोजाना गिर कर चोटिल हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इस बाबत खुर्शी गांव के ग्रामीण वीरेंद्र हांसदा ने बताया कि इस सड़क के निर्माण को लेकर कई बार जन प्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुननेवाला नहीं है. अगले चुनाव में ग्रामीण वोट के जरिए सबक सिखाएंगे. बारिश की भयावह स्थिति से खुर्शी गांव से तिलाई घुट्टू गांव में एम्बुलेंस तक डर से नहीं घुसती. बीमार पड़ने पर ग्रामीण खटिया पर लाद कर मरीज को मुख्य सड़क तक लाते हैं तब जाकर मरीज की जान बचती है. यही स्थिति जादूगोड़ा के कुलडीहा से चतरो गांव में भी सड़क कीचड़ मय हो गया है. सड़क पर संवेदक द्वारा हर घर-नल योजना का पानी पाइप लाइन से पहुंचाने हेतु बीच में गड्ढा खोद दिये जाने से सड़क कीचड़ से भर गई है. इसको लेकर ग्रामीणों में संवेदक व जन प्रतिनिधियों के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है. ग्रामीण जान-जोखिम में डाल कर सड़क पार करने को विवश हैं.








