जमशेदपुर : भारतीय डाक विभाग (सिंहभूम मंडल) द्वारा जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कॉलेज के कर्मचारियों और शिक्षकों को डाक विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं से रूबरू कराना था. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे और डॉ. अंतरा कुमारी सहित भारी संख्या में शिक्षिकेतर व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे. इस दौरान डाक सहायक उमा शंकर प्रसाद और निशांत कुमार ने डाक विभाग के अत्याधुनिक प्रोडक्ट्स, बचत योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की. (नीचे भी पढ़ें)

डाक विभाग की कई सारी सेवाओं के प्रति जबरदस्त रुझान दिखा. इसके तहत डाक जीवन बीमा (पीएलआइ) को लेकर लोगों ने रुचि दिखायी. वहीं, कई कर्मचारियों ने डाकघर की सुरक्षित और उच्च ब्याज वाली बचत योजनाओं में निवेश की इच्छा व्यक्त की. कुछ कर्मचारियों ने डाकघर के माध्यम से पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया को समझा और आवेदन की इच्छा जताई. कार्यक्रम में मौजूद लगभग सभी लोगों ने अपने आधार कार्ड को अपडेट कराने में गहरी रुचि दिखाई. (नीचे भी पढ़ें)

इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे ने डाक विभाग का आभार व्यक्त किया. उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के ज्ञानवर्धक शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया और विशेष रूप से कॉलेज परिसर में ही एक ‘विशेष आधार कैंप’ लगाने का आग्रह किया ताकि सभी कर्मचारी व छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें.







