रांची : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गयी है. भाजपा जहां अपने उम्मीदवार उतार रही है. वहीं, झामुमो और कांग्रेस के बीच नूराकुश्ती शुरू हो गयी है. सत्ताधारी दल का झामुमो चाहता है कि दोनों ही राज्यसभा सीट पर उनके लोग ही जाये जबकि कांग्रेस का कहना है कि एक सीट झामुमो ले ले और दूसरी सीट कांग्रेस को दे दें. इसके संदर्भ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलने के लिए कांग्रेस के प्रभारी के राजू और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क पहुंचे. इन दोनों नेताओं के बीच राज्यसभा सीट को लेकर कई दौर की वार्ता हुई. (नीचे भी पढ़ें)

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस के प्रभारी के राजू की वार्ता में राज्यसभा चुनाव को लेकर हुई बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस और झामुमो मिलकर गठबंधन के तहत दो उम्मीदवार उतारे और दोनों की जीत सुनिश्चित करें. (नीचे भी पढ़ें)
किसी भी हालत में भाजपा के उम्मीदवार नहीं जीतने चाहिए. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने दो से तीन दिनों में स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है. इसको लेकर तीन दिनों का समय मांगा है. दूसरी ओर, झामुमो में राज्यसभा सीट को लेकर मांग तेज हो गयी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन और गुरुजी शिबू सोरेन की बेटी अंजली सोरेन को राज्यसभा का टिकट देने की मांग तेज हो गयी है. ओडिशा के सुंदरगढ़ से झामुमो के कार्यकर्ता सीएम हाउस पहुंचे और प्रदर्शन कर मांग की कि अंजली सोरेन को राज्यसभा का टिकट दिया जायेगा.







