जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को बर्मामाइंस मंडल अंतर्गत स्थित लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई. क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किए गए इस निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र की जमीनी हकीकत सामने आई, जिसने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. निरीक्षण के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सा संसाधनों एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान केंद्र में कई खामियां और अव्यवस्थाएं उजागर हुईं. स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं का भारी अभाव पाया गया. भीषण गर्मी के बावजूद मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पंखों की व्यवस्था नहीं थी, बेसिक दवाईयां की कमी, बेडशीट, उपचार से जुड़े कई उपकरण खराब अवस्था में पड़े मिले. स्वास्थ्य केंद्र की दयनीय स्थिति को देखकर विधायक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण और सुविधा युक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संभव नहीं है.(नीचे भी पढ़े)

निरीक्षण के दौरान विधायक पूर्णिमा साहू ने जिले के सिविल सर्जन एवं जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के उप नगर आयुक्त से दूरभाष पर बातचीत कर स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त कमियों पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं की तत्काल बहाली, खराब उपकरणों की मरम्मत एवं आवश्यक संसाधनों की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार से बात करते हुए स्वास्थ्य केंद्र के लिए पिछले एक वर्षों में आवंटित राशि के उपयोग की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की. वहीं, उन्होंने जिले के सिविल सर्जन से स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों को पिछले चार महीने से वेतन ना मिलने पर संज्ञान लेकर इसे शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए.(नीचे भी पढ़े)

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि लक्ष्मी नगर स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्था को लेकर उन्हें लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. स्वास्थ्य केंद्र की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है और स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही को उजागर कर रही है. उन्होंने कहा कि जनसामान्य को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वे प्रयासरत हैं. यदि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे इस मामले को राज्य सरकार एवं संबंधित उच्चाधिकारियों के समक्ष रखेंगी. विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, खामी और मरीजों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाब देना होगा.







