जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में बाइक जब्ती के मामले को लेकर गुरुवार सुबह कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. प्रकाश नगर निवासी संतोष सिंह ने पुलिस गश्ती दल के वाहन चालक पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए टेल्को प्लाजा रोड पर विरोध प्रदर्शन किया. घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा. जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात संतोष सिंह टेल्को प्लाजा से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पुलिस गश्ती दल ने उनकी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोक लिया. पुलिस ने बाइक के पीछे नंबर प्लेट नहीं होने का हवाला देते हुए वाहन को जब्त कर टेल्को थाना ले गई. (नीचे भी पढ़ें)
संतोष सिंह का आरोप है कि बाद में बाइक छोड़ने के बदले उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई. युवक ने दावा किया कि गश्ती वाहन का चालक अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उनसे अवैध रूप से पैसे मांग रहा था. इस कथित मांग से नाराज होकर वह गुरुवार सुबह अपनी बाइक के सभी दस्तावेजों के साथ टेल्को प्लाजा रोड पर धरने पर बैठ गए. विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे सड़क पर भीड़ लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की जानकारी मिलने पर टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने संतोष सिंह को मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद उन्होंने अपना धरना समाप्त कर दिया और यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई. फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.






