जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा भाजपा मंडल में नये अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर पार्टी के अंदर शुरू हुआ विरोध अब बगावत के रूप में सामने आ गया है. कदमा भाजपा मंडल के नव नियुक्त अध्यक्ष का विरोध करते हुए मंडल के पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. मंडल के 40 से अधिक विक्षुब्ध पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष को संबोधित हस्ताक्षर युक्त इस्तीफा पत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री एवं बीएलए2 प्रभारी के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री को भी प्रेषित कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
अपने इस्तीफा पत्र में विक्षुब्ध कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंडल अध्यक्ष की घोषणा से पूर्व कदमा क्षेत्र के किसी भी वरिष्ठ व्यक्ति या पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्षों से न तो विचार-विमर्श किया गया और न ही किसी से कोई राय ली गई, यहां तक कि मंडल अध्यक्ष के चयन में संगठन की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन भी नहीं किया गया एवं ऐसे व्यक्ति के नाम की मंडल अध्यक्ष के रूप में घोषणा कर दी गई जिसका सामाजिक एवं व्यावहारिक आचरण सही नहीं है. पत्र में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि नव नियुक्त अध्यक्ष द्वारा कदमा क्षेत्र में सूद-ब्याज का कारोबार किया जाता है, जिसके कारण मध्यम एवं निम्न वर्ग के लोगों में उनकी छवि काफी खराब है. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि दूसरे का मकान हड़प लेना नवनियुक्त अध्यक्ष की कार्यशैली में शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यकर्ताओं ने कहा है कि इन हालात में ऐसे व्यक्ति के साथ संगठन का कार्य करने में वे असहज महसूस कर रहे हैं एवं उनके साथ कार्य करने में उनकी प्रतिष्ठा भी धूमिल हो रही है. इसके कारण वे सभी सामूहिक रूप से इस्तीफा दे रहे हैं.







