जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों की सतर्कता और तत्परता से बुधवार देर रात एक बुजुर्ग मरीज को सुरक्षित उनके वार्ड तक पहुंचाया गया. करीब 70 वर्षीय मरीज नींद की अवस्था में अस्पताल के चौथे तल्ले से उतरकर पहले तल्ले तक पहुंच गए थे और अपने वार्ड का रास्ता भूल गए थे. जानकारी के अनुसार, मेडिसिन वार्ड में भर्ती एक एनीमिक मरीज देर रात लघुशंका के लिए वार्ड से बाहर निकले थे. इसके बाद वह गलती से सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरते चले गए और पहले तल्ले तक पहुंच गए. वहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों की नजर उन पर पड़ी. पूछताछ करने पर बुजुर्ग ने बताया कि वह अपने बेड तक वापस नहीं पहुंच पा रहे हैं और उन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा है. (नीचे देखे पूरी खबर)

स्थिति को समझते हुए जवानों ने मरीज से नाम पूछा एवं रजिस्टर से परिजनों का मोबाइल नंबर लिया और संपर्क किया. फोन पर मरीज की बेटी से बातचीत के बाद उनकी पहचान और वार्ड की जानकारी की पुष्टि की गई. इसके बाद जवानों ने उन्हें सुरक्षित चौथे तल्ले स्थित उनके बेड तक पहुंचाया. इस दौरान मरीज की पत्नी, जो वार्ड में अटेंडर के रूप में मौजूद थीं, करीब एक घंटे से उनकी तलाश में परेशान थीं. मरीज के वापस पहुंचते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और होमगार्ड जवानों के प्रति आभार व्यक्त किया. परिजनों के आग्रह पर मरीज का नाम और पता सार्वजनिक नहीं किया गया है. गौरतलब है कि पिछले शनिवार को भी एमजीएम अस्पताल में एक बुजुर्ग मरीज छठे तल्ले से सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतर गए थे और लगभग 15 घंटे बाद अगले दिन सुबह अस्पताल के बेसमेंट गेट के पास मिले थे.






