
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित जेल चौक पर गुरुवार को एक चाय दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्ष सड़क पर ही आपस में भिड़ गए. दुकानदार के अनुसार, उसने ग्राहकों से दुकान के सामने खड़ी गाड़ी हटाने का अनुरोध किया था.

लेकिन वे नहीं माने और बहस करने लगे. वहीं, ग्राहकों का आरोप है कि दुकानदार ने बातचीत के दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल किया और अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से महिलाएं और पुरुष भी मारपीट में शामिल हो गए. सड़क पर हुई इस हाथापाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया.

हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच दोबारा झड़प हो गई. इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले गई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





