जमशेदपुर : भीषण गर्मी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जल्द ही तीन अतिरिक्त एयर कंडीशनर (एसी) लगाए जाएंगे. इसके लिए बुधवार से केबल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और अगले एक-दो दिनों में एसी स्थापित किए जाने की संभावना है. पिछले कई दिनों से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा था. खासकर स्ट्रेचर पर इलाज करा रहे मरीजों को काफी परेशानी हो रही थी. लगातार उठ रही शिकायतों और मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

उपायुक्त के निर्देश पर पहले इमरजेंसी वार्ड में चार स्टैंड फैन लगाए गए थे, लेकिन बढ़ती गर्मी के बीच यह व्यवस्था नाकाफी साबित हुई. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तीन अतिरिक्त एसी लगाने का निर्णय लिया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार लगाए जाने वाले एसी नए नहीं हैं, बल्कि एमजीएम अस्पताल के साकची परिसर से स्थानांतरण के दौरान हटाए गए एसी हैं. ये गैस आधारित एसी हैं, जिनमें पानी की आवश्यकता नहीं होगी. गौरतलब है कि इमरजेंसी वार्ड में पहले से दो एसी लगे हुए हैं, लेकिन वे प्लांट से जुड़े होने के कारण लंबे समय से बंद पड़े हैं. ऐसे में तीन नए एसी लगने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है, साथ ही इमरजेंसी वार्ड का वातावरण भी अधिक सुविधाजनक हो सकेगा.





