चांडिला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में गैलेक्सी एक्सपोर्ट इंगोट प्लांट में हुए फर्नेस ब्लास्ट के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने गेट के पास पत्थर और बांस-बल्लियां लगाकर प्लांट परिसर में आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को हुए फर्नेस विस्फोट की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरा इलाका दहल उठा. ब्लास्ट के बाद फैले धूल और धुएं के गुबार से आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ. इस हादसे में प्लांट के दो कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि एक अन्य कर्मचारी बाल-बाल बच गया. घायलों का इलाज जमशेदपुर के अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच संचालित इस प्लांट में आए दिन तकनीकी खामियां और दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना हुआ है. उनका कहना है कि भविष्य में किसी बड़े हादसे से जनहानि और संपत्ति का भारी नुकसान हो सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों ने प्लांट को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने, औद्योगिक सुरक्षा मानकों की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ग्रामीणों को समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रही है. वहीं, फर्नेस ब्लास्ट के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गयी है. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.







