जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमशेदपुर महानगर के पूर्वी, पश्चिमी, पोटका एवं जुगसलाई विधानसभा अधीन सभी 28 मंडलों में मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हुए योग्याभ्यास किया. इस दौरान सभी मंडलों में योग प्रशिक्षकों ने कार्यकर्ताओं एवं आमजनों को योग के महत्व एवं लाभ पर जानकारी देते हुए योग की विभिन्न आसन करवाये. भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बिस्टुपुर स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी समिति द्वारा आयोजित शिविर में योग किया. वहीं, विभिन्न मंडल क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर योग पूरी दुनिया को भारत द्वारा दी गई महत्वपूर्ण उपलब्धि है. जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 से अनवरत अपने अथक प्रयासों से पूरी दुनिया में पहुंचाने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों में योग दिवस पूरे मनोयोग से मनाया गया.(नीचे भी
पढ़े)

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोड़ाबांधा में हुआ योगाभ्यास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया योग
घोड़ाबांधा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा वन विभाग स्थित ओम कालेश्वर मंदिर प्रागंण में योग दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा रहे जिन्होंने सभी लोगों के साथ योगाभ्यास किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग को प्रतिदिन जीवन में अपनाना चाहिए, इससे शारीरिक शक्ति के साथ मानसिक शांति भी प्राप्त होती है. उन्होंने यह भी कहा कि यह हमारी महान परंपरा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से विश्वभर में सम्मान और पहचान प्राप्त कर रही है. उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने पौधारोपण भी किया. योग शिविर में पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय, जिला कोषाध्यक्ष कृष्णा शर्मा काली, अनिल मोदी, मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, समेत मंडल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
बिस्टुपुर मंडल के योगाभ्यास में सांसद विद्युत महतो हुए शामिल
बिस्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब मैदान में भाजपा बिस्टुपुर मंडल के द्वारा सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया. जिसमें जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने भाग लिया और लोगों के साथ योग कर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया. इस अवसर पर सांसद विद्युत महतो ने कहा कि योग हमें हमारी संस्कृति और प्रकृति से जोड़ता है, तनावपूर्ण जीवन में संतुलन लाता है और तन-मन दोनों को सशक्त बनाता है. उन्होंने सभी से योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की. इस दौरान पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, रीता मिश्रा, जिला मंत्री तन्मय झा समेत अन्य मौजूद रहे.(नीचे भी पढ़े)

विधायक पूर्णिमा साहू ने सामूहिक योगाभ्यास कर किया रुद्राक्ष का पौधारोपण
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा सीतारामडेरा मंडल एवं पतंजलि योग पीठ के संयुक्त तत्वावधान में प्रीतम पार्क, पटेल नगर, भालूबासा में सामूहिक योग शिविर का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों एवं पतंजलि योग पीठ के सदस्यों के साथ योगाभ्यास कर योग के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया। कार्यक्रम के उपरांत रुद्राक्ष का पौधारोपण भी किया. विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि योग और प्रकृति दोनों ही स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के आधार हैं. प्रधानमंत्री के नेतृत्व और प्रयासों के कारण योग को वैश्विक पहचान मिली है. उन्होंने कहा कि योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लेना चाहिए. इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, टुनटुन सिंह समेत कई अन्य मौजूद रहे.
योग दिवस पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, युवराज सिंह, रंजीत सिंह, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, रितेश झा, मारूती नंदन पांडे, प्रशांत पोद्दार, बिनोद राय, रविंद्र सिंह सिसोदिया, रंजीत सिंह, उपेंद्र गिरी, अभिनव सिन्हा, राकेश चौबे, आनंद कुमार, अमित मिश्रा, श्यामल महाकुड़, निधू दास, सनत कुमार सी, हन्नु जैन, सुमित शर्मा, नीरज शर्मा, सूरज साह, जुगनु वर्मा, सनातन दास, कृष्ण पद सिंह एवं मधुसूदन महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अपने मंडल क्षेत्र आमजनों के संग उत्साहपूर्वक योग किया.






