रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से 5 प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन होमलेश फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम के संभावित खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर में हुआ है. 15 जुलाई से नागपुर में आयोजित होने वाले इस कैंप में खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. कैंप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में किया जाएगा. चयनित खिलाड़ियों में से सचिन रमेश कारवा, ललित बेंकुरा, सूरज बिरुली, बनफुल तुबीद, मोनिका पूर्ति शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
सबसे खास बात यह है कि पूरे झारखंड से केवल इन 5 खिलाड़ियों का ही चयन हुआ है और सभी पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा के रहने वाले हैं. इनमे से दो वीमेन प्लेयर भी शामिल है, जो वीमेन टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे. चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बीर सिंह बिरुली एवं पूर्व खिलाड़ी सह सामाजिक कार्यकर्ता विजय मेलगाण्डी ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी नागपुर प्रशिक्षण शिविर में बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाएंगे और झारखंड के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन करेंगे. वहीं, मदन बोदरा ने भी सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी.







