जमशेदपुर : जमशेदपुर साइबर अपराध थाना पुलिस ने एनजीओ के बैंक खाते का दुरुपयोग कर करीब 3 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए नामजद आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु (29) को गिरफ्तार किया है. आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला है और वर्तमान में सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित हरिओम नगर में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, रीना पाण्डेय ने अपने एनजीओ होप – हेल्प फॉर आल फाउंडेशन के नाम पर सीएसआर फंड दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. (नीचे भी पढ़ें)
इस आधार पर जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में 18 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा के तहत दो नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

जांच में सामने आया कि आरोपी अमन कुमार सिंह उर्फ रघु ने एनजीओ का एक्सिस बैंक का करंट अकाउंट खुलवाया और सत्यापन के नाम पर उससे संबंधित चेकबुक तथा सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद 22 दिसंबर 2025 को वह इन्हें लखनऊ ले गया, जहां अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर केवल पांच दिनों में उस खाते के माध्यम से करीब 3 करोड़ रुपये का जमा और निकासी कर संगठित साइबर अपराध को अंजाम दिया. पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अक्टूबर 2025 में ही वादिनी की ईमेल आईडी और इंटरनेट बैंकिंग का एक्सेस अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त कर लिया था, जिसका इस्तेमाल अपराध को अंजाम देने में किया गया.







