देवघर : देवघर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) अभियान में शत-प्रतिशत इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को सोमवार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया. 15-देवघर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर एसडीओ रवि कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को त्रुटिहीन, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने में बीएलओ की भूमिका सबसे अहम होती है. उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण और समय पर उनका डिजिटाइजेशन टीमवर्क, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने सभी निर्वाचन कर्मियों एवं बीएलओ का भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य निष्पादन से लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.















