जमशेदपुर : मानगो स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय सीआइएससीई जोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का आयोजन हुआ, जिसमें ज़ोन के विभिन्न स्कूलों के युवा खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकाग्रता और खेल भावना का परिचय दिया. इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे. आयोजन में पूर्वी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं झारखंड ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह मुख्य अतिथि जबकि झारखंड ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष एवं पूर्वी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव गोपाल कुमार एवं आजादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान विशिष्ट अतिथि थे.

स्कूल की प्राचार्या डॉ निधि श्रीवास्तव के स्वागत भाषण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई. उन्होंने सभी अतिथियों, कोचों और प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत करते हुए अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों को समर्पण, ईमानदारी और सच्ची खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रोत्साहित किया. इस चैंपियनशिप में शहर के 26 आइसीएसई स्कूलों के आइसीएसई स्कूलों के कुल 230 प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में भाग लिया. प्रतियोगिता के मैच कल तक जारी रहेंगे. मैचों के पश्चात सभी विजेताओं में कल गुरुवार को पदक एवं प्रमाण पत्र वितरण होगा.




