जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई क्षेत्र में मंदिर के ठीक सामने शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में शनिवार को जमशेदपुर टाइगर क्लब के अध्यक्ष आजाद गिरी के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की. उनका कहना था कि धार्मिक स्थल के सामने शराब की दुकान संचालित होने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं और क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन के दौरान मंदिर के पुजारी ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि मंदिर के सामने शराब की दुकान खुलना अनुचित है. उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की. टाइगर क्लब के अध्यक्ष आजाद गिरी ने चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकान को शीघ्र बंद नहीं किया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा. उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर जल्द ही उपायुक्त (डीसी) से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा और दुकान को हटाने की मांग की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है.




