जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु के वेश में गांजा सप्लाई करने वाले एक तस्कर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से करीब 7.8 किलोग्राम गांजा, गांजा से भरे 60 प्री-रोल्ड सिगरेट, गांजा पैक करने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, दो मोबाइल फोन और नगद पैसे बरामद किये हैं. जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत ₹4 लाख के करीब बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
वरीय पुलिस अधीक्षक को 25 जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा (देवघर) एनएच-33 स्थित काली मंदिर के समीप एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखा गया है तथा उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के लोगों को बेचा जा रहा है. इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक की निगरानी में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार तथा एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने गुमटी में छापामारी कर रौशन कुमार (21) को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
तलाशी के दौरान पुलिस ने 130 ग्राम गांजा, गांजा से भरे 60 प्री-रोल्ड सिगरेट, गांजा पैक करने की सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन, बिक्री के ₹3,060, एक फोल्डेबल एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक पैकेट बरामद किए. पूछताछ में रौशन कुमार ने खुलासा किया कि वह हर सप्ताह दो-तीन बार बोड़ाम थाना क्षेत्र के जोबा गांव निवासी शंभू महतो उर्फ ‘साधु’ से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लाकर शहर में बेचता था. उसने यह भी बताया कि शंभू महतो लंबे समय से बड़े पैमाने पर गांजा तस्करी का कारोबार चला रहा है. रौशन की निशानदेही पर 26 जुलाई को पुलिस ने जोबा गांव स्थित शंभू महतो उर्फ साधु के घर पर छापामारी की. वहां से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया करीब 7.67 किलोग्राम गांजा, गांजे के बीज, बिक्री के ₹5,840, मोबाइल फोन और पैकिंग सामग्री बरामद की गई. पुलिस के अनुसार कुल मिलाकर 7.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है.




